ललितपुर।खाद्य सुरक्षा विभागीय टीम ने मंगलवार को धौर्रा व जाखलौन में ब्रांडेड घी और किशमिश की तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर दीपावली पर्व के अवसर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा धौर्रा बाजार स्थित जैन किराना स्टोर आनंद कुमार जैन के यहां से बृजवासी ब्रांड घी का नमूना लिया, जबकि जाखलौन स्थित त्रिदेव किराना स्टोर राजेश कुमार साहू के प्रतिष्ठान से वास्तु ब्रांड घी और जाहेश किराना स्टोर से किशमिश का नमूना संग्रहित किया। साथ ही प्रतिष्ठान स्वामियों को गुणवत्ता और शुद्धता का पालन करने के निर्देश दिए और आम लोगों से भी सतर्कता से खरीदारी करने को कहा। टीम ने लिए गए नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। टीम में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय विनोद कुमार शर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कलामुद्दीन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन और नागेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।