ललितपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति, कानून व्यवस्था व सांप्रदायिक सौहार्द के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों, धर्मगुरुओं व सामाजिक पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कहीं भी पटाखा भंडारण नहीं होगा। अवैध पटाखा बिक्री या भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षित दिवाली मनाने का संदेश दिया। उन्होंने दिवाली के दौरान पटाखों की दुकानें केवल चिह्नित स्थलों पर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिवाली के लिए चौकाबाग में पटाखा बाजार लगेगा। इसके लिए शहजाद नदी के वैकल्पिक पुल की मरम्मत कर आवागमन हेतु खुलवाने के निर्देश सेतु निगम को दिए। यदि कहीं अवैध पटाखा बिक्री या भंडारण हो रहा हो तो आमजन ऐसे व्यक्तियों की सूचना जिला प्रशासन को दे सकता है। इससे संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने घंटाघर पर जाम की समस्या के समाधान हेतु उपस्थित लोगों से विकल्प मांगे। पुलिस अधिकारियों को त्योहारों के दौरान जाम न लगने देने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, सीएमओ डॉ.वीरेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हेमंत पटेल, उप जिलाधिकारी घनश्याम भारती आदि मौजूद रहे।
000000000000000000
जैन पर्व और नहर सफाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने जैन समाज के पर्व लाडू निर्वाण व विमान के सफल आयोजन हेतु निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, नगर पालिका व विद्युत विभाग के अधिकारी दिवाली बाद जुलूस के रास्तों का पैदल निरीक्षण करेंगे। वे समिति पदाधिकारियों संग मिलकर सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ कराएंगे। शहर से करीम नगर तक जाने वाली नहर की सफाई के बाद कचरा वहीं छोड़ने की शिकायत मिली थी। इस पर सिंचाई विभाग को तत्काल कचरा निस्तारण के निर्देश दिए गए।