ललितपुर। श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री एवं महरौनी क्षेत्र के विधायक के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महरौनी के ग्राम अंडेला निवासी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व मंडल अध्यक्ष इंदर सिंह लोधी, पूर्व भाजपा उपाध्यक्ष चंद्रशेखर वैद्य, गोरेलाल, पूर्व प्रधान भूपसिंह, सुभाष शर्मा ने पुलिस को तहरीर में आरोप लगाया कि फेसबुक में बहुजन समाज पार्टी के पवन कुमार गौतम, कुंवर लाल गौतम और अधिवक्ता किशोरी लाल बौद्ध ने राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ के प्रति अकारण ही आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया है। उससे व्यक्तिगत तौर पर एवं पार्टी के तमाम कार्यकर्ता आहत महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इंदर सिंह लोधी समेत कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर राज्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में लिखित शिकायत की गई थी। इस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।