ललितपुर रेलवे स्टेशन पर आएदिन टिकट खरीदने के लिए लगी लंबी-लंबी लाइनों से शीघ्र ही यात्रियों के लिए निजात मिलने वाली है। रेलवे स्टेशन के टिकट घर में विंडों के बाहर तीन एटीवीएम (ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन) को उपलब्ध कराया गया है। सॉफ्टवेयर अपलोड होते ही उक्त मशीनों का संचालन शीघ्र शुरू हो सकेगा।
ललितपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बार टिकट खिड़की से अलग कैशलेस सुविधा की ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगाई जा रही हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा झांसी मंडल के 21 स्टेशनों पर 49 एटीवीएम की स्थापना कराई जा रही हैं। इसमें झांसी और ग्वालियर स्टेशन पर यह मशीनें पहले ही लगाई जा चुकी हैं। अब ललितपुर रेलवे स्टेशन के लिए भी एटीवीएम की तीन मशीनें दी गई हैं और इन मशीनों को टिकट घर में टिकट विंडो के पास रखा गया है। इन मशीनों की स्थापना से यात्रियों को कैशलेस सुविधा का लाभ भी मिल सकेगा। मशीनों के लिए संचालन के लिए रेलवे द्वारा प्रत्येक मशीन पर कॉमर्शियल डिपार्टमेंट का रिटायर्ड एक-एक कर्मचारी यानी कुल तीन कर्मचारी हर समय ड्यूटी देगें। इन मशीनों का संचालन के सबसे पहले बुकिंग पर्यवेक्षक/पाली प्रभारी बुकिंग ऑफिस से स्मार्ट कार्ड प्राप्त करना होगा।
यह स्मार्ट कार्ड यात्रियों के लिए 70 रुपये में मिल सकेगा, जिसमें उसे पचास रुपये का बैलेंस भी मिलेगा। इसके बाद कार्ड होल्डर द्वारा अपनी स्वेच्छा से 20 से 50 रुपये के गुणांक में 9500 रुपये तक का रिचार्ज करवाया जा सकेगा। रिचार्ज की गई राशि की वैद्यता रिचार्ज की डेट से एक वर्ष के लिए वैद्य होगी और इसमें पांच फीसदी का अतिरिक्त यात्रा मूल्य भी मिल सकेगा। इसका उपयोग करने के दौरान स्मार्ट कार्ड कासे रीडर पर रखने के बाद भाषा का चयन करना होगा, इसके बाद यात्रा टिकट बुकिंग के लिए गंतव्य स्टेशन का मानचित्र से या जल्दी बुकिंग के लिए या अन्य स्टेशन विकल्प चुनना पड़ेगा। इसके बाद अंत में भुगतान का विकल्प का चयन करके टिकट प्राप्त की जा सकेगी। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में ललितपुर रेलवे स्टेशन के लिए दो हजार स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं। कुछ तकनीकी कमी के चलते मशीनों को कंप्यूटर से नहीं जोड़ा जा सका, लेकिन इसी सप्ताह जोड़कर मशीनें संचालित करने की तैयारी रेलवे विभाग ने कर ली है।