सर्वाधिक दुर्घटना स्थल होंगे चिह्नित, किए जाएंगे उपाय
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (जेडएफडी) योजना के तहत जिले के तीन कोतवाली क्षेत्र शामिल किए गए हैं। इनमें ललितपुर शहर, महरौनी और तालबेहट शामिल है। यहां पर यातायात पुलिस व आमलोग मिलकर सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाओं के वाले स्थलों को चिह्नित करेंगे। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और दुर्घटना होने पर पीड़ित को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले के अंदर नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और जनपद स्तर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का जाल बुना हुआ है। इन सड़कों पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके साथ सड़क दुर्घटनाएं भी होती हैं। इसमें कई लोग घायल होते हैं और कुछ मौत का शिकार हो जाते हैं।
सड़क दुर्घटना में कमी लाने और मृत्यु दर कम करने के लिए पुलिस विभाग द्वारा यातायात जागरुकता अभियान चलाया जाता है। जनपद के कुछ क्षेत्र ऐसे हैं, जो दुर्घटना बाहुल्य हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए शासन की ओर से जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (जेडएफडी) योजना चलाई गई। इसमें जनपद को शामिल किया गया है।
प्रभारी यातायात आलोक तिवारी ने बताया कि इन क्षेत्रों में आमलोग व यातायात पुलिस से मिलकर सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाओं वाले स्थलों को चिह्नित किया जाएगा। ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर प्रभावी सड़क सुरक्षा नीतियों को धरातल पर उतारा जाएगा।