संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के स्टेशन रोड से देवगढ़ जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार देर रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकानों के शटर टेढ़े करने के लिए गेंती का सहारा लिया और अंदर घुसकर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल शुरू की।
शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी सुनील शर्मा ने बताया कि स्टेशन रोड से देवगढ़ की ओर जाने वाली सड़क किनारे उसकी गारमेंट की दुकान है। बुधवार की सुबह जब वह दुकान खोलने आए तो दुकान के शटर टूटी और आधी खुली पड़ी थी। दुकान के अंदर गए तो गुल्लक खुली थी और उसमें रखे करीब दो हजार रुपये व कुछ कपड़े गायब थे।
इसके अलावा, चाेरों ने बगल में स्थित नीतेश जनरल स्टोर की दुकान का भी ताला तोड़ा था और शटर तोड़ी। इस दुकान के अंदर गुल्लक में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा अंशुल किराना स्टोर, भाईजी किराना स्टोर में भी चोरों ने चोरी का प्रयास किया था, लेकिन वह इन दुकानों में चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
सीओ के साथ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की। वहीं पास में ही एक लोहे की गेंती पड़ी हुई मिली, अनुमान है कि चोरों ने उक्त गेंती से ही दुकानों के शटरों को टेढ़ा किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि घटना को लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को पुलिस खंगाल रही है और आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।