संवाद न्यूज एजेंसी
सोंरई/ललितपुर। चोरों ने ग्राम सोंरई में पांच घरों को निशाना बनाया। सोने-चांदी के जेवरात व नकदी ले गए। एक घर में चोरी का प्रयास करते समय मकान स्वामी के जागने पर चोरों को भागना पड़ा। सीओ मड़ावरा के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए।
रविवार रात थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सौंरई निवासी कैलाश मिश्रा का परिवार घर में सो रहा था। रात करीब ढाई बजे कैलाश के पुत्र कृष्णकांत को घर में खटपट की आवाज सुनाई दी। कृष्णकांत ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो चोर भाग गए। घर में चोरों के घुसने की सूचना डायल-112 को दी गई। शोर सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग जाग गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद जानकारी हुई कि मोहल्ले के ही बृजेश मिश्रा के घर से पांच हजार रुपये नकद व पत्नी की एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी सोने के कान फूल चोरी कर ले गए। मोहल्ले के ही प्रीतम साहू के घर से दस हजार रुपये, नत्थू सहरिया के घर से बीस हजार रुपये के जेवरात, लक्ष्मी साहू के यहां से दस हजार रुपये चोरी कर ले गए।
चार घरों में चोरी और एक घर में प्रयास होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी मड़ावरा आरके श्रीवास्तव व मड़ावरा प्रभारी निरीक्षक ने घटनास्थल का मुआयना किया। ग्रामीणों की मांग पर थाना प्रभारी ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। पुलिस गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालते हुए जांच कर रही है।
-
सोंरई में हुई चोरी की सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंची थी और मौका मुआयना किया था। तहरीर मिल गई है, कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
आरके श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी मड़ावरा