संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। निजी शौचालयों का सर्वे कराया जा रहा है, अभी तक एक लाख 15 हजार 340 शौचालय का सर्वे किया गया है। इनमें सैकड़ों शौचालय जीर्णशीर्ण मिले हैं।
स्वच्छ भारत मिशन योजना अंतर्गत ग्रामीण इलाकों में दो लाख 56 हजार 278 शौचालयों का निर्माण कराया गया था। इनका निर्माण हुए दो वर्ष से अधिक समय हो गया है, ऐसे में जीर्णशीर्ण अवस्था में पहुंच चुके शौचालयों की मरम्मत के लिए पंचायती राज विभाग रेट्रोफिटिंग करा रहा है। अभी तक एक लाख 15 हजार 340 शौचालयों का सर्वे हो चुका है, इनमें 674 शौचालय खराब मिले हैं, इसमें विकास खंड बार के 232, बिरधा के 16, जखौरा के 234, मड़ावरा के 51, महरौनी के 91, तालबेहट के 50 शौचालय शामिल हैं।
12 हजार नए शौचालयों का निर्माण
यहां 12 हजार 237 नए शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से 11 हजार 349 शौचालयों का निर्माण हो चुका है, बाकी शौचालयों का कार्य तेजी से चल रहा है।
ग्रामीण इलाकों में निर्मित शौचालयों की रेट्रोफिटिंग कराई जा रही है। जो शौचालय खराब मिले हैं, उनकी मरम्मत कराई जाएगी। शासन ने एक शौचालय की मरम्मत के लिए पांच हजार रुपये की अधिकतम धनराशि निर्धारित की है। वहीं 12 हजार नए शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है।
नवीन कुमार मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी।