तालबेहट। बृहस्पतिवार की रात तरगुवां तालबेहट मार्ग पर 66 केवी विद्युत सब स्टेशन के समीप रहने वाले एक अधिवक्ता के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर पचास हजार रुपये की नकदी और जेवरात चुराकर ले गए। इस संबंध में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने जाकर कोतवाली पुलिस को एक शिकायती पत्र देकर मामला दर्ज कर चोरों का पता लगाने की गुहार लगाई है।
66 केवी के समीप रहने वाले अधिवक्ता सुनील कुमार श्रीवास अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए परिवार सहित बाहर गए थे, तभी अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान के मुख्य द्वारा का ताला तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखी नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब पड़ोसियों ने उनके मकान का ताला टूटा देखा तो फोन पर उन्हें चोरी की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद वह तत्काल तालबेहट आए।
इसके बाद अधिवक्ताओं के साथ कोतवाली पुलिस को एक शिकायती पत्र देकर मामला दर्ज करने एवं चोरों का पता लगाने की मांग रखी। अपने शिकायती पत्र में उन्होंने चोरी में पचास हजार रुपये की नकदी और जेवरात चुरा लिए। जिसमें दो जोड़ी पायलें, एक करदौनी, एक सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, चांदी के आठ दस जोड़ी बिछिया आदि सामान चोरी होने की बात कही हैं। इसके बाद उपनिरीक्षक साजेश कुमार और ओंकार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर गए। उन्होंने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
अधिवक्ताओं ने इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक से मिलकर मामले को दर्ज करते हुए चोरों का पता लगाने की मांग की। उन्होंने बताया कि कई दिनों से नगर में चोरियों का सिलसिला बढ़ गया है। ऐसी हालत में चोरों पर लगाम कसी जाना आवश्यक हैं। प्रतिनिधि मंडल में हरीराम राजपूत, धनीराम रजक, जहेंद्र सिंह परमार प्रमुख रहे।
दस दिन पहले हुई थी इसी मुहल्ले में एक और चोरी की वारदात
तालबेहट। जिस मोहल्ले की चोरी की घटना हुई है उससे कुछ कदम की दूरी पर दस दिन पहले मोहल्ले के ही कुछ अराजक तत्वों ने एक मकान से चोरी की थी। कोतवाली पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए कोतवाली लाई थी। इस मामले को लेकर पूरे नगर में तरह तरह की चर्चाएं रही थीं, पर, बाद में पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था।