चोर के पास से बरामद सोने चांदी के जेबरात
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। हरियाणा के बल्लभगढ़ में चाची के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाला बदमाश शुक्रवार को ललितपुर कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए लाखों की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। आरोपी ने एक मुकदमे में वकील को फीस देने के लिए चोरी की थी।
पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि हरियाणा के बल्लभगढ़ में बीते दस दिन पहले चोरी हुई थी। उस चोरी का आरोपी पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला एवं चौकी प्रभारी नई बस्ती अर्जुन सिंह को मुखबिर से जानकारी मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति शहर की नई बस्ती में चंडीमाता मंदिर के पास से खड़ा है। दोनों ने उसे पकड़ लिया। पूछने पर उस व्यक्ति ने अपना नाम अंकित चौधरी (18) पुत्र दीपचंद निवासी ललितपुर नई बस्ती बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से पॉलीथिन में 450 ग्राम की चांदी की करधनी, हाफ पेटी चांदी की 240 ग्राम, दो जोड़ी पाजेब 630 ग्राम, एक हार सोने का 11.5 ग्राम, एक मंगलसूत्र सोने का 3.5 ग्राम बरामद हुआ। बरामद जेवरात के बारे में पूछने पर उसने बताया कि उसने बल्लभगढ़ (हरियाणा) से करीब दस दिन पहले अपने परिवार में चाची के घर से यह सामान चोरी किया था। उसने अपने मुकदमे की पैरवी के लिए वकील को फीस देनी थी। पुलिस ने अनुसार अंकित पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में चोर- फोटो : LALITPUR