संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। माताटीला बांध में मगरमच्छ की मौत के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें उसके भोजन की थैली खाली पाई गई। वन अधिकारियों ने इसकी विस्तृत जांच कराने की बात कही है। मगरमच्छ की मौत बांध में मछली मारने के लिए उपयोग किए जाने वाले विस्फोटक को माना जा रहा था। जहां मगरमच्छ मिला था, उसके आसपास मरी हुई मछलियां भी पाई गई थीं। वहीं, शिकारियों से वनकर्मियों की झड़प भी हुई थी। हालांकि, झड़प वाली घटना के संबंध में वन विभाग ने कोई कागजी कार्रवाई नहीं की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मगरमच्छ की मौत के कारणों का कोई विशेष खुलासा नहीं हुआ है। भोजन की थैली खाली मिलने से वन कर्मी इसे भूख से मौत बता रहे थे। उपप्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी डॉ शिरीन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच बंद नहीं की जाएगी। सभी पहलुओं पर जांच की जाएगी। यदि कोई शिकारी का नाम प्रकाश में आता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।