संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी-एमपी बॉर्डर स्थित राजघाट में बेतवा पुल पर कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे परिवार की एक बालिका की मौत हो गई, जबकि उसके मां-पिता सहित चार लोग घायल हो गए।
थाना पाली के ग्राम चीमना निवासी बृजभान सिंह (45), उनकी पत्नी बेबीराजा (40), बृजभान के भाई भूपेंद्र सिंह की पत्नी पवन राजा (35) और भूपेंद्र की आठ साल की बेटी प्राची शुक्रवार को कार से मध्य प्रदेश के चंदेरी अंतर्गत राजगढ़ गांव स्थित रिश्तेदारी में आयोजित तेरहवीं में शामिल होने जा रहे थे। कार कस्बा राजघाट में बेतवा नदी पुल पर पहुंची थी कि अनियंत्रित होकर करीब बीस फुट नीचे गिर गई। कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख राहगीर तत्काल पुल के नीचे पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। बॉर्डर पर तैनात यूपी-एमपी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को चंदेरी में अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राची को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीनों घायलों को भर्ती कर लिया। मृतका कक्षा तीन की छात्रा थी और दो बहन-एक भाई में सबसे छोटी थी। जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
सीओ सदर अभय नारायण राय ने बताया कि बेतवा पुल से कार नीचे गिर गई थी। हादसे में एक बालिका की मौत हो गई है, जबकि दो महिलाओं सहित तीन घायल हो गए। घायलों को मध्य प्रदेश के चंदेरी में भर्ती कराया गया है। घटना की जांच कराई जा रही है।