फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश में पेट्रोल और गैस की किल्लत नहीं, विपक्ष फैला रहा दुष्प्रचार : केशव प्रसाद मौर्य

विज्ञापन
विज्ञापन
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश और डिंपल यादव के घरों में मिलेंगे 10-10 सिलिंडर
विज्ञापन



ललितपुर में राष्ट्रीय सरस महोत्सव कराने की घोषणा, सात राज्यों के स्वयं सहायता समूह लेंगे भाग



अमर उजाला ब्यूरो

ललितपुर। यहां आयोजित मंडलीय सरस मेले में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई किल्लत नहीं है, बल्कि विपक्ष दुष्प्रचार कर रहा है। मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और डिंपल यादव के घरों में 10-10 सिलिंडर मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब सहरिया समाज के लोगों को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। डबल इंजन सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने जनपद में राष्ट्रीय स्तर का सरस महोत्सव आयोजित कराने की घोषणा भी की। इसमें सात राज्यों के स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने-अपने उत्पादों के साथ भाग लेंगी।



उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को गिन्नौट बाग में आयोजित मंडलीय सरस मेले को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गरीबों को स्वरोजगार से सशक्त बनाना चाहते हैं। यदि समूह की महिलाएं खाद्य प्रसंस्करण या अन्य इकाई स्थापित करना चाहती हैं और उसकी लागत पांच करोड़ रुपये तक है तो उस पर 35 प्रतिशत यानी 1.75 करोड़ रुपये तक अनुदान दिया जाता है। साथ ही इकाई में बिजली की जरूरत होने पर सोलर पैनल लगाने के लिए 90 प्रतिशत तक अनुदान भी उपलब्ध कराया जाता है।
विज्ञापन




उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने छह करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में प्रदेश में तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और उनमें से कम से कम एक करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रयास यह होना चाहिए कि ललितपुर की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बनाएं।



उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मनरेगा में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होता था, लेकिन केंद्र सरकार ने व्यवस्थाओं में सुधार कर पारदर्शिता लाई है। अब योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पहुंच रहा है।



उन्होंने कहा कि पहले ललितपुर के सहरिया समुदाय के लोग काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करते थे, लेकिन अब सरकार की योजनाओं के माध्यम से उन्हें स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।



उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन की राशि एक हजार रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह की जा रही है, जिसका लाभ नए वित्तीय वर्ष से पात्रों को मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन करोड़ नए आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे अब तक वंचित लाभार्थियों को भी जल्द आवास मिल सकेगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दिव्यांग, सहरिया, कुष्ठ रोगी और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी जा रही है।
विज्ञापन




इस अवसर पर राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जमुना प्रसाद कुशवाहा, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत, नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन, जिलाधिकारी सत्यप्रकाश, पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, सीडीओ शेष नारायण चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें