बानपुर/ललितपुर। थाने के सामने सिर्फ पचास मीटर की दूरी पर स्थित ज्वैलर्स की दुकान की दीवार तोड़कर बेखौफ चोरों ने नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई चोरी के बाद पुलिस सक्रियता को लेकर तमाम सवाल उठ रहे हैं। वहीं पीड़ित दुकानदार शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा बानपुर निवासी पवन कुमार पुत्र अशोक कुमार की बानपुर थाने के सामने बार रोड़ पर सिंघई ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बुधवार रात पवन दुकान को बंद करके घर चल गए थे। बृहस्पतिवार सुबह पवन ने जब दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और गहनों के शोकेस खाली थे। दुकान की पीछे की दीवार टूटी पड़ी थी। आसपास के दुकानदारों को चोरी होने की जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंच गए। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा तो उसमें रात करीब 11:45 बजे चोर पड़ोसियों के सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदलते दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोर उसकी दुकान के लॉकर में रखे पांच लाख रुपये, 5-6 किलोग्राम चांदी के जेवरात व 60-70 ग्राम सोने के जेवर ले गए हैं।
-
तीन माह पूर्व हुआ था चोरी का प्रयास
पीड़ित दुकानदार पवन ने बताया कि इससे पहले तीन माह पूर्व दुकान की दीवाल तोड़कर चोरी का प्रयास हुआ था। दो वर्ष पूर्व भी दुकान में चोरी हुई थी। लेकिन अब तक खुलासा नहीं किया गया।
न हो सकी पहचान, चोरों ने बदली सीसीटीवी कैमरों की दिशा, ले गए डीवीआर
ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चोर काफी शातिर थे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को अस्त-व्यवस्त करके उनकी दिशा बदल दी। इतना ही नहीं चोर सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने की कार्रवाई की मांग
नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने चोरी व रंगदारी मांगने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दिए ज्ञापन में बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार चोरी व व्यापारियों से बदमाशों द्वारा अवैध रूप से रंगदारी मांगे जाने से व्यापार मंडल में आक्रोश है। ज्ञापन पर नगर अध्यक्ष प्रमोद कुमार जैन, उपाध्यक्ष अशोक साहू, प्रेम कुशवाहा, महामंत्री मनोज कुमार जैन, राजीव राजा, आनंद कुमार जैन, भूपेंद्र सिंह परमार सहित अन्य व्यापारियों के हस्ताक्षर बने हुए हैं।
-