मडावरा में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : LALITPUR
मड़ावरा (ललितपुर)। थाना मड़ावरा के अंतर्गत वन रेंज परिसर स्थित सरकारी आवास में घुसकर बदमाश लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। वन रेंज मड़ावरा अंतर्गत लखंजर क्षेत्र में तैनात वन सिपाही प्रेमचंद सिंह सरकारी कार्य के सिलसिले में मड़ावरा आया। आवास पर कोई नहीं था। इसलिए ताला लगाकर चला गया। विभागीय काम निपटाकर जब वह रेंज परिसर स्थित आवास पर पहुंचा तो कमरे का ताला, कुंडा व गेट खुला पाया। वह अंदर पहुंचा तो देखा कि अलमारी का लॉक टूटा हुआ है। उसमें रखे लाखों के जेवर गायब थे। जानकारी की गई तो पता चला कि चार हजार रुपये नकद, सोने के टॉप्स, मंगलसूत्र, झुमका, चार सोने की अंगूठी, हाफपेटी, हाथ फूल, चांदी के सिक्के, तीन सोने की जंजीर, दो जोड़ी पायल, सोने के सुई-धागा, सोने की मनचली के अलावा घरेलू सामग्री लेकर चोर चंपत हो गए। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और उन्हें पकड़ने की मांग की है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।