भुचेरा/ तालबेहट। थाना पूराकलां के अंतर्गत क्षेत्र में चोरों ने दो दिन में चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया। मंगलवार की रात चोरों ने ग्राम भुचेरा निवासी मुन्नू पुत्र नाथूराम तिवारी के मकान से नकदी एवं जेवरात चुरा लिए।
थाना पूराकलां के अंतर्गत ग्राम भुचेरा में मुन्नू तिवारी रहते हैं। प्रतिदिन की तरह मंगलवार को उनके पिता नाथूराम खेत पर फसल की रखवाली करने चले गए और परिजन अपने-अपने कमरों में सो गए। सुबह जब उनकी पत्नी कुसुम सोकर उठी तो कमरे की सांकल बाहर से बंद होने पर लोगों को आवाज दी। आसपास के लोगों ने कमरे की सांकल खोली। जैसे ही परिजन कमरे से बाहर आए उन्हें एक कमरे का ताला टूटा मिला। जाकर देेेखा तो संदूक से चांदी की तीन जोड़ी पायलें, बिछुडी, सोने का मंगलसूत्र, सोने की चार चूड़ी एवं दस हजार रुपये नकदी आदि सामान लेकर चंपत हो गए। जानकारी के बाद थानाध्यक्ष अमर बहादुर सिंह मौके पर गए और बताया कि मामले की जांच चल रही है। कुसुम पत्नी मुन्नू ने पुलिस को एक शिकायत पत्र देकर गांव के ही दो युवकों पर चोरी की आशंका जाहिर की है।