ललितपुर कोतवाली क्षेत्र में ग्राम मड़वारी निवासी संतराम (40) पुत्र रंजीत पाल ने घर के पास ही एक पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर कोतवाली राजघाट चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम मड़वारी निवासी संतराम पाल शनिवार की देर शाम को घर से गांव में ही समाज के भंडारे में जाने की कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। जानकारी करने पर पता चला कि देर रात एक बजे तक वह भंडारे में ही रहा, उसके बाद उसका पता नहीं चला।
उसकी पत्नी मंजो अगले दिन सुबह चार बजे तक खोजबीन में जुटी रही। जिस पर घर के सामने ही नीम के पेड़ पर तौलिया से उसका शव लटक रहा था। यह देख उसने शोर मचाया तो आसपास के अन्य ग्रामीण एकत्रित हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बेटा राजकुमार ने बताया कि उसके पिता ने कुछ साल पहले करीब ढाई लाख रुपये किसान क्रेडिट कार्ड से लोन लिया था, लेकिन स्थिति ठीक नहीं होने के चलते वह लो नहीं चुका सका। इसके साथ ही बेटा व बेटी की शादी के लिए भी उसने साहूकारों से भी ब्याज पर पैसा उठाया था, लेकिन कर्ज नहीं चुका सका।
उसने आशंका जताई कि इसी वजह से उसके पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी। उसने यह भी बताया कि वह अक्सर कर्जा चुकाने के चलते चिंता में रहते थे और शराब पीकर पहले भी दो बार शराब पीकर आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।