असलहा बनाते पकड़ा युवक, तमंचे व उपकरण बरामद
- फोटो : demo
कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर कबूतरा डेरा मऊमाफी के पास खेत में असलहा फैक्ट्री चला रहे एक आरोपी को तीन तमंचों व असलहा बनाने के उपकरणों सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से ही पुलिस मुठभेड़, लूट व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध असलहों का निर्माण करने सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस के एसआई मसीद खान को क्षेत्र में अवैध तमंचों के कारोबार होने की सूचनाएं मिल रही थी। क्षेत्र इंचार्ज ने कारोबारी को गिरफ्तार करने योजना बना कर क्षेत्र में मुखबिरों को लगा रखा था। शनिवार रात मुखबिर की सूचना मिलते ही मसीद खान ने एसआई अमित गुप्ता, एसआई राजेश शुक्ला और अन्य सिपाहियों के साथ ग्राम मऊमाफी कबूतरा डेरा जा पहुंचे। जहां पर मुखबिर ने घर के पीछे स्थित खेत पर अवैध तमंचे बना रहे युवक की जानकारी दी। पुलिस ने कारोबारी को गिरफ्तार करने के लिए बाइकों को दूर खड़ाकर अंधेरे में छिपते छिपाते घेरा बंदी कर आरोपी के खेत पर जा पहुंचे। जहां ग्राम मऊमाफी निवासी जयकुमार लुहार पुत्र कोमल असलहा तैयार कर रहा था। पुलिस की टार्च की रोशनी देख आरोपी ने भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने असलहा कारोबारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।
काफी समय है सक्रिय
ग्राम मऊमाफी निवासी जयकुमार काफी समय से आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता चला आ रहा है। वर्ष 2014 व 15 में आरोपी पर कोतवाली महरौनी में लूट, पुलिस मुठभेड़, आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज होने पर गैंगेस्टर की कार्रवाई भी कर चुकी है। आरोपी के खिलाफ झांसी में भी एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस को आरोपी के पास से 312 बोर के दो व 315 बोर का एक तैयार तमंचा एवं दो जिंदा कारतूस, सामग्री, औजारों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। वर्तमान समय में आरोपी कच्ची शराब के साथ असलहा बनाने का कारोबार कर रहा था।