ललितपुर। जनपद में खंड शिक्षा अधिकारियों के तबादले मजाक बनकर रह गए हैं। अधिकांश खंड शिक्षा अधिकारी पूर्व के ब्लाक में बैठकर कामकाज निपटा रहे हैं, जिससे स्थानांतरित ब्लाकों में कामकाज गति नहीं पकड़ पा रहा है।बेसिक शिक्षा विभाग के कामकाज पर अक्सर अंगुलियां उठती रहती हैं। इस बार खंड शिक्षा अधिकारी ही आला अफसरों के आदेश की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। अधिकतर खंड शिक्षा अधिकारी स्थानांतरित ब्लाक को सहज रूप से स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। शायद यही वजह है कि वह आज भी पूर्व के ब्लाक पर कामकाज निपटाने में व्यस्त हैं, जिससे शिक्षक व कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
यही नहीं, ब्लाकों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई खंड शिक्षा अधिकारियों ने कार्रवाई से बचने के मकसद से स्थानांतरित ब्लाक का छुटपुट काम करना शुरू कर दिया है। लेकिन, अधिकांश समय पुराने ब्लाक पर ही दे रहे हैं। इस कार्य में सह समन्वयकों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। सह समन्वयक भी खंड शिक्षा अधिकारियों के तबादले से खुश नहीं हैं।
मालूम हो कि तत्कालीन जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर ने वर्षों से जमे खंड शिक्षा अधिकारियों के जिले के अंदर ब्लाक बदल दिए थे। उस दौरान बेमन से खंड शिक्षा अधिकारियों ने स्थानांतरित ब्लाक पर बैठना शुरू कर दिया था। जैसे ही डीएम का स्थानांतरण हुआ, वैसे ही खंड शिक्षा अधिकारी पूर्व के ब्लाक पर पहुंचने लगे। इसका खुलासा नवनियुक्त शिक्षकों की ज्वाइनिंग के दौरान हो रहा है, उन्हें अपने खंड शिक्षा अधिकारी पूर्व के ब्लाक पर ही मिल रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसपी यादव इस मामले में चुप्पी साधे हैं, जिससे खंड शिक्षा अधिकारी बेपरवाह हो गए हैं।
स्थानांतरण भी अटकाजिले के तीन खंड शिक्षा अधिकारियों का स्थानांतरण बीते माह में बाहरी जनपद हो गया था। तत्कालीन डीएम ने प्रतिस्थानी के अभाव में रिलीव नहीं किया था। महीनों बीतने के बाद भी खंड शिक्षा अधिकारियों का तबादला रद नहीं हुआ है।