- विवाद बढ़ने पर पहुंची पुलिस व प्रशासन की टीमें, खुद अतिक्रमण हटाने की मिली अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रेलवे स्टेशन के बाहर अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम का व्यापारियों ने विरोध करते हु़ए हंगामा किया। जानकारी पर पहुंचे प्रशासन के अधिकारियों ने व्यापारियों को खुद ही अपना अतिक्रमण तोड़ने की अनुमति दे दी। इस पर व्यापारी शांत हुए और अपना पक्का निर्माण खुद तोड़ना शुरू कर दिया।
घंटाघर से लेकर रेलवे स्टेशन के पास तक सड़क चौड़ीकरण व अन्य सुंदरीकरण के कार्य होने हैं। इसके चलते जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। बीते तीन दिन पहले नगर पालिका की टीम ने रेलवे स्टेशन के बाहर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था, जिस पर यहां स्टेशन के पास व्यापारियों ने अपना पक्का निर्माण के अतिक्रमण को खुद ही हटाने की बात कही थी, जिस पर प्रशासन द्वारा उन्हें दो दिन का समय दिया था। शुक्रवार को नगर पालिका की टीम फिर से स्टेशन क्षेत्र में पहुंच गई और अतिक्रमण हटाने लगी। स्टेशन के पास स्थित एक होटल का अतिक्रमण हटा भी दिया। इसके बाद जब जेसीबी मशीन अन्य दुकानों के पास अतिक्रमण हटाने भी पहुंच गई, जबकि यहां दुकानदार खुद ही अपना निर्माण तोड़ रहे थे। यह देख व्यापारी आक्रोशित हो गए और जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाने के प्रयास का जमकर विरोध करते हुए जेसीबी मशीन के आगे आकर खड़े हो गए।
इस दौरान व्यापारियों और नगर पालिका एवं प्रशासन के अधिकारियों काफी देर तक बहस होती रही। दुकानदारों का कहना था कि जब वह खुद ही अपना अतिक्रमण तोड़ रहे हैं तो जेसीबी से अतिक्रमण तोड़कर उनका नुकसान क्यों किया जा रहा है। इस दौरान दुकानदारों के समर्थन में कुछ सपा नेता भी आ गए और दुकानदारों की मांगों को जायज ठहराया और दुकानदारों को खुद ही अपना अतिक्रमण हटाने की बात का समर्थन किया। इस पर कुछ समय के लिए अभियान रूक गया। विवाद बढ़ते देख कोतवाल, सीओ और एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए और व्यापारियों की बात पूरी बात सुनी। इस पर प्रशासन ने दुकानदारों को खुद ही अतिक्रमण हटाने की अनुमति दे दी। इसके बाद दुकानदार शांत हुए। वहीं उपजिलाधिकारी सदर मनीष कुमार ने कहा कि जो भी दुकानदार नाली व सड़क, सड़क पटरी पर अवैध रूप से सामग्री रखकर अतिकमण किए हैं वह स्वयं हटा लें। स्टेशन से नदी पुल तक मुख्य सड़क पर पटरी के दोनों ओर का अतिक्रमण हटाया जाना है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
व्यापारी बोले जिला पंचायत का भी हटाओ अतिक्रमण
अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से विवाद के दौरान व्यापारियों ने कहा कि सिर्फ उनका ही अतिक्रमण क्यों हटाया जा रहा है, जिला परिषद स्थित जिला पंचायत सहित अन्य स्थानों पर भी अतिक्रमण को हटाया जाए।
ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड की उठी मांग
स्टेशन क्षेत्र के लोगों ने अतिक्रमण हटाने के दौरान मांग उठाई कि यहां तो सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। लेकिन चंडीमाता मंदिर जाने के लिए ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाई जाए। यहां एक ओर तो संकरी सर्विस रोड है, जिससे सिर्फ एक ही दो पहिया वाहन किसी प्रकार निकल सकता है, लेकिन दूसरी ओर से सर्विस रोड है ही नहीं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने चंडीमंदिर की ओर जाने के लिए ओवरब्रिज के दोनों ओर नियमानुसार चौड़ी सर्विस रोड बनाने की मांग भी की।