संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए कनिष्ठ लिपिक के खिलाफ कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कराने के बाद एंटी करप्शन की टीम आरोपी को लखनऊ ले गई। बृहस्पतिवार को उसे लखनऊ के भ्रष्टाचार न्यायालय में पेश किया गया।
जमीन का दाखिल खारिज करने के एवज में ग्राम कल्यानपुरा निवासी किसान अनेक सिंह से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को सहायक चकबंदी कार्यालय में तैनात कनिष्ठ लिपिक अशोक कुमार सिंह को रंगेहाथ पकड़ा था। भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी इकाई की ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक चतुर सिंह की तहरीर पर कोतवाली सदर में आरोपी अशोक कुमार सिंह निवासी मोहल्ला आजादपुरा के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया गया।
एंटी करप्शन की टीम बुधवार देर रात आरोपी कनिष्ठ लिपिक को अपने साथ लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई। इधर, कनिष्ठ लिपिक के रिश्वत के साथ पकड़े जाने पर बृहस्पतिवार को चकबंदी कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। यहां तैनात कर्मचारी खामोशी से काम करते रहे।
दूसरी बार चकबंदी का कर्मचारी पकड़ा गया
चकबंदी विभाग में तैनात कनिष्ठ लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी 9 अगस्त 2023 को चकबंदी लेखपाल चम्मेल सिंह को एक किसान से वसीयत चढ़वाने के नाम पर दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम झांसी ने पकड़ा था।