संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रक्षाबंधन को देखते हुए बाजार में बिकने वाली मिठाई, दूध सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग छापामार कार्रवाई में जुटा है। रविवार को टीम ने तालबेहट क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की दुकानों से नमूने एकत्रित किए।
दुकानों पर नकली खाद्य सामग्री की बिक्री न हो, इसके लिए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। सहायक आयुक्त खाद्य विनोद कुमार शर्मा के निर्देशन में टीम ने तालबेहट में श्यामलाल की दुकान से दूध, बालचंद की दुकान से बर्फी, शांति की दुकान से लड्डू का नमूना संग्रहीत किया। इसके पश्चात बस स्टैंड बार के पास में राम मनोहर गुप्ता की दुकान से बेसन के लड्डू, विनीत कुमार की दुकान से रसगुल्ला का नमूना लिया। 17 अगस्त को महरौनी में बेसन, लड्डू व बर्फी के नमूने लिए गए थे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कलामतहीन के नेतृत्व में चले अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार, आर के निरंजन आदि शामिल रहे।