तालबेहट। नगर एवं आसपास के गांवों में कई स्थानों पर लोक निर्माण विभाग की भूमि पर अनाधिकृत निर्माण को हटवाने आई पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। जिसके चलते पूरी टीम वापस लौट गई।
बताते चले कि नगर में कुछ स्थानों पर लोगों ने पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। जिसके संबंध में कुछ लोग शिकायतें करते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों पर हीलाहवाली करने के आरोप लगाए थे। जिस पर दो सप्ताह पूर्व जिलाधिकारी आलोक सिंह ने पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
शुक्रवार को तहसीलदार राघवेंद्र शर्मा, पीडब्लूडी के सहायक अभियंता अवधेश कटियार, जेई ज्ञान सिंह, प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा दलबल के साथ के लिए स्टेशन रोड पर नगर पंचायत अध्यक्ष के रिश्तेदार की बाउंड्रीवाल गिराने पहुंचे। जहां भवन स्वामी सहित परिजनों ने विरोध जताते हुए बिना नोटिस के कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान जमकर बवाल हुआ। जिसके बाद तहसीलदार वापस चले गए। जिसके बाद पूरी टीम बिना कार्रवाई की वापस लौट गई। उनका कहना था कि इस कार्रवाई से पूर्व शिकायतें होने के बाद भी पीडब्ल्यूडी ने अतिक्रमणकारियों को विधिवत नोटिस क्यों नहीं दिया।
-------------------
एक व्यक्ति के कहने पर हो रही कार्रवाई एक पक्षीय और अन्याय पूर्ण है। एक ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होनी चाहिए। - मुक्ता सोनी, अध्यक्ष नगर पंचायत तालबेहट।
---------------------
- पीडब्ल्यूडी द्वारा डाक से नोटिस भेजा गया था, जो तामीला नहीं है। जिसको सही तरीके से अतिक्रमण करने वालों को तामीला कराने एवं एक ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है।- राघवेंद्र शर्मा, तहसीलदार तालबेहट