संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दवा कराकर पौत्र के साथ घर लौटते समय बाइक सवार वृद्ध पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने के मामले में वांछित पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपियों ने वृद्ध को नहीं उसके नाती को जान से मारने के लिए कुल्हाड़ी से हमला किया था। लेकिन, पौत्र के सिर झुका लेने पर बाइक पर पीछे बैठे वृद्ध को कुल्हाड़ी लग गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम नौहरखुर्द निवासी जयराम सिंह की 19 अप्रैल को रंजिश के चलते पिता-पुत्र बृजभान सिंह, रामराजा निवासी ग्राम नौहरखुर्द ने घात लगाकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। जयराम सिंह की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एसपी ने चार टीमें गठित की थीं। मंगलवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हत्यारोपी ब्रजभान यादव, रामराजा यादव को ग्राम नौहरखुर्द के पास से गिरफ्तार कर लिया। दो कुल्हाड़ी भी बरामद की गई।
आरोपी ब्रजभान ने बताया कि दो वर्ष पहले उसकी पत्नी खेत से वापस आ रही थी। जयराम के पौत्र अजीत ने उसकी पत्नी से अभद्रता की थी। दो साल से वह मौके की तलाश में था। 19 अप्रैल को जयराम अपने पौत्र अजीत के साथ इलाज कराने गया था। इसकी जानकारी होने पर वे लोग गांव के बाहर उसके लौटने का इंतजार कर रहे थे। शाम को जब वह लौट कर आए तो उन्होंने कुल्हाड़ी से जान से अजीत के ऊपर हमला कर दिया। लेकिन, वह झुक गया और कुल्हाड़ी जयराम को लग गई थी।
इसी दौरान गांव के लोगों को आता देख वे दोनों मौके से भाग गए थे। इसके बाद उन्हें पता चला कि जयराम की मौत हो गई। पुलिस से बचने के लिए वे जंगल में छिपकर बैठे थे। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना जखौरा प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद, स्वाट प्रभारी अतुल तिवारी, सर्विलांस प्रभारी अरुण पवार आदि शामिल रहे। म