ललितपुर। पाली नगर पंचायत में कच्ची गलियों में सीसी सड़क समेत अन्य विकास कार्य कराने की कवायद शुरू हो गई है। यहां पर विभिन्न वार्डों में जलभराव की समस्या के निस्तारण के लिए सीसी सड़क बनाई जाएंगी। इसके अलावा सामुदायिक हाल समेत अन्य विकास कार्यों के लिए नगर पंचायत ने दो करोड़ के एस्टीमेट बनाकर शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। जिसके जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद कार्य शुरू कराए जाएंगे।
नगर में अधिकांश वार्डों की गलियां कच्ची और जर्जर हालत में बनी हुई है। कच्चे रास्ते में नालियों का पानी जमा होता रहता है। दुषित पानी से बदबू आने से वार्डं के लोगों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी होती है। वहीं, गंदगी में मच्छर पनपने से बीमारियों का खतरा बना हुआ है। रात में स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात में लोगों को आने जाने में दिक्कत होती है।
अब नगर पंचायत ने समस्याओं से निजात दिलाने की तैयारियां कर ली गई हैं। विभिन्न वार्डों की अधिकांश जरूरी गलियों में सीसी सड़क बनाए जाएंगे। साथ ही रास्ते में जमा हो रहे पानी की निकासी को नाली का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक व अन्य कार्यक्रमों के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। खुले में शौच से मुक्ति के लिए सामुदायिक शौचालय भी बनवाया जाएगा। अन्य कार्यों के निर्माण के लिए नगर पंचायत ने दो करोड़ रुपये के एस्टीमेट बनाया है। इसके प्रस्ताव को शासन को स्वीकृति के जिला प्रशासन के माध्यम से भेजा है।
यह होंगे नगर में विकास कार्य
- नगर पंचायत के वार्डों में सीसी सड़क व नाली निर्माण
- सामुदायिक शौचालय का निर्माण
- सामुदायिक हॉल का निर्माण
नगर पंचायत के वार्ड छह समेत अन्य वार्ड की जरूरी गलियों में सीसी सड़क व नाली निर्माण कराए जाने व अन्य कार्यों के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जिसकी स्वीकृति मिलने पर बजट मिलते ही कार्य शुरु कराए जाएंगे। - मधुसूदन जायसवाल, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत पाली