ललितपुर। जमीन में हिस्सेदारी व रुपयों को लेकर विवाद में चाकू से हमला कर पिता की हत्या करने वाला हत्यारोपी पति पत्नी को वारदात के छह दिन बाद भी पुलिस गिरफ्तार करने में नाकामयाब है।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम करारी निवासी भगवान सिंह को 24 जुलाई की रात जमीन में हिस्सेदारी व रुपयों के विवाद को लेकर उसके ही पुत्र रामान सिंह ने अपनी पत्नी नीलम के साथ मिलकर चाकू मारकर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गये थे। हत्यारोपी पति-पत्नी के खिलाफ पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिये थे। लेकिन वारदात कोछह दिन गुजर चुके हैं और पुलिस हत्यारोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार करना तो दूर उनका सुराग भी नहीं लगा पाई है। हत्यारोपी दंपती के अब तक पुलिस द्वारा गिरफ्तार न कर पाने से मृतक के परिजनों पर भी खतरा बना हुआ है।
यह हुई थी घटना
ग्राम करारी निवासी भगवान सिंह का बड़ा पुत्र रामान सिंह तीन माह पूर्व एक लड़की को भगा ले गया था। तीन माह बाद 24 जुलाई को वह शराब के नशे में घर अपनी पत्नी नीलम के साथ लौटा। यहां पिता से उसका जमीन में हिस्सेदारी व रुपये मांगने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान रामान ने अपने पिता के पेट में चाकू मार दिया था। जिससे भगवान सिंह गंभीर घायल होकर जमीन पर गिर गया था। परिजनों द्वारा जमीन पर लहू लुहान पड़े भगवान सिंह को जिला अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने मृतक के पुत्र सुनील की तहरीर पर रामान सिंह व उसकी पत्नी नीलम के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया था। हत्यारोपी रामानसिंह की पत्नी नीलम पर वारदात के दौरान अपने ससुर भगवान सिंह के हाथ पकड़ने का आरोप है।