ललितपुर। प्रदेश के ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने ग्राम कड़ेसराकलां (तालबेहट) में बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर, अमृत सरोवर एवं जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन ग्राम समूह पेयजल योजना का निरीक्षण किया।
दुग्ध अन्वेषण केंद्र कड़ेसराकला में राज्यमंत्री ने केंद्र के सभी संयत्रों को देखते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बुंदेलखंड की महिलाओं के सामाजिक उत्थान का कार्य किया है। अमृत सरोवर कड़ेसराकलां के निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। साथ ही निर्देश दिए कि सरोवर के चारों ओर वृहद पौधरोपण कराया जाए। उधर, जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्राम समूह पेयजल योजना कड़ेसराकलां में उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराएं। योजना के संचालित होने से यहां पेयजल की समस्या खत्म हो जाएगी। साथ ही हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंचेगा। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, डीडीओ केएन पांडेय, डीसी एनआरएलएम नीरज कुमार श्रीवास्तव, बीडीओ तालबेहट संदीप मिश्रा, सहायक अभियंता जल निगम दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।