तालबेहट (ललितपुर)। तालबेहट - पूराकलां मार्ग पर अवैध बालू खनन का सीज ट्रैक्टर लेकर कोतवाली जा रहे पुलिस क्षेत्राधिकारी के हमराह की दो भाईयों ने रास्ते में जमकर मारपीट की तथा उनकी एके - 47 बंदूूक को छीनने का प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक बालेन्दू भूषण सिंह ने कोतवाली आकर पीड़ित सिपाही से पूरे घटना क्रम की जानकारी ली। इस मामले में दोनों भाईयों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
शुक्रवार को सुबह पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंवर बहादुर सिंह मंडलायुक्त के दौरे के चलते झरर घाट जा रहे थे। तभी पूराकलां तिराहे पर पर उन्हें एक सफेद रंग का बालू से भरा एक आयशर ट्रैक्टर दिखाई दिया, जिसे रोक कर उन्होंने उसके चालक से बालू के प्रपत्र मांगे। प्रपत्र न दिखाने पर उन्होंने उसे सीज कर कोतवाली में खड़ा करवाने के लिए अपने हमराह सर्वेश कुमार को ट्रैक्टर पर बैठा कर कोतवाली भेज दिया। इसी बीच ट्रैक्टर पकड़े जाने की जानकारी ट्रैक्टर चालक प्रवेश पुत्र प्रकाश के भाई संतोष को हुई तो वह मोटर साइकिल से आया।
दोनों भाईयों ने सिपाही सर्वेश कुमार की जमकर लात घूसों से धुनाई कर दी और सिपाही की एके - 47 छीनने का प्रयास किया। सिपाही का कहना है कि उसको ट्रैक्टर के पहिये के नीचे डालकर कुचलने का प्रयास किया गया। लेकिन, वह बच गया।
इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर भाग गए। ट्रैक्टर लेकर भागते समय उनके ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल सवार दूधिया राजेन्द्र पुत्र श्याम (30 वर्ष) निवासी पटारन आ कर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए तत्काल सीएचसी तालबेहट लाया गया। उसकी गम्भीर हालत होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। सिपाही सर्वेश कुमार का भी सीएचसी में उपचार कराया गया। उसके नाक एवं मुंह पर चोटें आईं हैं।
इस घटना में सिपाही सर्वेश कुमार की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। वहीं, पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर दबिश दी।