सात अप्रैल से होनी थी दलहन की खरीद, आईडी नहीं बनने से अटकी खरीद
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शासन द्वारा दलहन की सरकारी खरीद के आदेश दिए गए हैं, जिसके तहत चना, मसूर और सरसों की सरकारी खरीद की जानी है। जिले में 13 सरकारी खरीद केंद्र भी दलहन खरीद के लिए बनाए गए हैं। लेकिन, खरीद केंद्रों की आईडी मुख्यालय से नहीं बनने के कारण खरीद केंद्रों का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है।
रबी विपणन में दलहन की खरीद सात अप्रैल से की जानी थी। इसके लिए शुरूआत में ही तीन खरीद केंद्र बनाए गए थे। इसके बाद अन्य प्रस्तावित केंद्रों की सूची भी जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यालय भेजी गई, जहां से अब वर्तमान में दलहन खरीद के लिए 13 खरीद केंद्र भी बना दिए गए हैं, जिन पर खरीद की जानी है, लेकिन अभी तक किसी भी क्रय केंद्र की मुख्यालय से आईडी नहीं बन सकी है, जिसके चलते जनपद में अभी तक कोई केंद्र नहीं खुल सके हैं। दलहन खरीद के लिए जनपद में अब तक पीसीएफ के तीन, पीसीयू के पांच, जैफेड के चार और यूपीएसएस का एक खरीद केंद्र बनाया गया। इसके लिए मंडी समिति को इन स्वीकृत केंद्रों के पत्र भेज दिए गए हैं।