- सभी ब्लॉक मुख्यालय पर किया जाएगा निर्माण, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एस्टीमेट बनाने में जुटा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शासन के निर्देश पर जनपद के सभी छह विकासखंडों में 250 व्यक्तियों की क्षमता वाले आधुनिक सभाकक्ष बनाए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी किए गए हैं।
ग्रामीण इलाकोें में सभाकक्ष की मांग को देखते हुए विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। शासन ने उनके प्रस्ताव को स्वीकृत करते हुए झांसी, जालौन व ललितपुर के सभी 23 ब्लॉकों में यह आधुनिक सभाकक्ष बनाने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत जिले सभी छह विकास खंड मुख्यालय पर यह सभाकक्ष बनाने के भूमि की तलाश की जा रही है। इसमें एक मंच, लोगों को बैठने की जगह, कमरे व शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को सभी ब्लॉक मुख्यालय पर भूमि को चिह्नित करते हुए एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद इसका एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस पहल से जहां ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक ढांचे को मजबूती मिलेगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
-
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अधिकारी को भूमि उपलब्धता के आधार पर एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए हैं। जल्द की पूर्ण कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
शेषनाथ चौहान, मुख्य विकास अधिकारी