ललितपुर। बार थाना अंतर्गत शहजाद बांध के किनारे मिले युवती के शव के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। प्रेम प्रसंग के चलते गुड़िया की हत्या कर उसे बांध में फेंका गया था। हालांकि, मृतका कौन है और कहां की रहने वाली है, इसकी अभी तक सही जानकारी नहीं हो पाई है।
पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने बताया कि शहजाद बांध के किनारे साढ़े तीन महीने पहले जिस युवती का शव बरामद हुआ था, उसकी पहचान फरीदाबाद की गुड़िया के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि थाना बार पुलिस द्वारा ग्राम सेमराडांग के एक हिस्ट्रीशीटर बब्बू राजा पर नजर रखी जा रही थी।
पिछले दिनों बब्बू राजा को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई। उसने बताया कि शहजाद बांध में जिस युवती का शव मिला था, उसकी हत्या उसी ने अपनी महिला मित्र कमलेश राजा के साथ मिलकर की है। उसने बताया कि कमलेश राजा का मायका मध्य प्रदेश के पिछोर थाना अंतर्गत नगरेला गांव में है। कमलेश का भाई हरपाल दिल्ली में मजदूरी करता था। इसी दौरान उसके संबंध गुड़िया से हो गए और वह उसे लेकर गांव आ गया।
कमलेश दूसरी जाति की युवती से भाई की शादी के खिलाफ थी। कमलेश राजा ने गुड़िया की हत्या की योजना बनाई और उसे लेकर ग्राम सेमराडांग पहुंची। वहां उसने बब्बू राजा के साथ मिलकर पत्थर पटक कर गुड़िया की हत्या कर दी और शव को शहजाद बांध में फेंक दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना में कमलेश राजा की बड़ी बेटी की भूमिका भी सामने आयी है। हालांकि, पुलिस के दबिश देने के पहले ही कमलेश राजा और उसके परिजन घर से भाग गए। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। एसपी ने बताया कि गिरफ्त में लिए गए आरोपी बब्बू राजा को न्यायालय में पेश करके उसकी रिमांड मांगी जाएगी।
हत्याकांड का खुलासा करने वाले बार थाना इंचार्ज शंशाक राजपूत व उनकी टीम को एसपी ने दो हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। इस मौके पर सीओ तालबेहट कुंवर बहादुर सिंह, हाकिम सिंह, पीआरओ शमीम खान आदि मौजूद रहे।
खुलासे से जुड़े अनसुलझे सवाल
ललितपुर। अंधे हत्याकांड के खुलासे का दावा भले ही किया जा रहा हो, लेकिन इस पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। बार थाना पुलिस ने बब्बू राजा के बयान के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया है। बब्बू राजा की गिरफ्तारी की जानकारी पहले ही कमलेश राजा तक पहुंच गई और वह पुलिस की गिरफ्त में आने से पहले ही फरार हो गई।
वहीं, मृतका गुड़िया कहां से ताल्लुक रखती है, इसको लेकर अभी पुलिस खुद पुख्ता नहीं हो पायी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की सही जानकारी मुख्य आरोपी कमलेश राजा की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगी।
ऐसे अंजाम दिया घटना को
हत्यारोपी बब्बू राजा ने बताया कि 28 जुलाई को कमलेश राजा अपने साथ गुड़िया को लेकर ग्राम सेमराडांग पहुंची। उसने दोनों महिलाओं को अपने खेत पर रोका। 31 जुलाई की रात को बब्बू व कमलेश अपने साथ गुड़िया को लेकर शहजाद बांध के पास लेकर पहुंचे।
वहां दोनों ने पत्थरों से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए कमलेश ने मृतका के सारे कपड़े उतारकर अपने पास रख लिए थे। कमलेश पुलिस पकड़ से दूर है। ऐसे में गुड़िया के बारे में काफी कुछ जानकारी होनी शेष है।
हिस्ट्रीशीटर है आरोपी