संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गेहूं खरीद के लिए बारदाने की 2000 गांठों की डिमांड जिलाधिकारी के माध्यम से भेजी गई थीं। अब ललितपुर समेत झांसी मंडल के लिए 400 गांठों का आवंटन गोरखपुर मंडल से हो गया है। ऐसे में जिले को भी जल्द ही बारदानों की गांठें मिलने की उम्मीद है।
सरकारी गेहूं की खरीद इस बार 30 मार्च से शुरू होनी है, जिसके लिए खाद्य विपणन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता के लिए झांसी मंडल में 400 गांठों का आवंटन हुआ है, इसमें से जनपद को भी बारदाना की गांठें उपलब्ध हो सकेंगी। विभाग ने जिलाधिकारी के माध्यम से बारदाना की 1000 गांठों का रिमाइंडर फिर से भेज दिया है, ताकि लगातार खरीद होने में आगे कोई परेशानी न हो।
-
पॉश मशीन की होगी उपलब्धता
गेहूं खरीद के लिए जिले में 47 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इनमें पीसीएफ के क्रय केंद्र 20 हो गए हैं, जबकि नैफेड के क्रय केंद्र 13, एफसीआई के केंद्र छह, खाद्य विपणन विभाग के आठ क्रय केंद्र खोले जाएंगे। पॉश मशीन रविवार को सभी केंद्रों पर पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिससे किसानों से गेहूं खरीद की जा सके।
निजी एजेंसियों के भी भेजे 15 केंद्रों के प्रस्ताव
इस बार जहां सहकारी समितियों से गेहूं खरीद की जाएगी, वहीं निजी कंपनियों के भी पंद्रह प्रस्ताव भेजे गए हैं, जो अनुमोदन की प्रक्रिया में हैं। इसमें एफपीओ, एफपीसी और मल्टी सिकटोरल सोसायटी व पंंजीकृत सोसायटियों के पंद्रह केंद्रों के प्रस्ताव अनुमोदन की प्रकिया में चल रहे हैं।
-
गेहूं खरीद के लिए बारदाना की 400 गांठें झांसी मंडल को आवंटित हो गई हैं, इनमें से जनपद को भी गांठें मिलेंगी। एक हजार गांठों का रिमाइंडर भेजा गया है। इस बार एफपीओ, एफपीसी और मल्टीसिकटोरल सोसायटी व पंजीकृत सोसायटी के 15 क्रय केंद्र अनुमोदन की प्रक्रिया में हैं।
-चामुंडाप्रसाद पांडेय, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।