यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा में गत वर्ष के सापेक्ष इस साल परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। गत वर्ष की परीक्षा में कुल 35,459 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। वहीं, वर्ष 2017 की परीक्षा में 35,993 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। खासबात यह है कि परीक्षार्थी संस्थागत के तौर पर परीक्षा में बैठने में ज्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा में हर साल परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। गत वर्ष के मुकाबले इस साल भी परीक्षार्थी बढ़े हैं। जिसे ध्यान में रखकर जिले में कुल 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 34 केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा, 07 सेंटरों पर केवल हाईस्कूल की परीक्षा व जीआईसी ललितपुर में केवल इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। इस परीक्षा में हाईस्कूल संस्थागत के रूप में 12360 बालक, 8616 बालिका, व्यक्तिगत रूप में 786 बालक, 433 बालिका नामांकित हुए हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट संस्थागत में 7019 बालक, 6001 बालिका, व्यक्तिगत रूप 383 बालक, 395 बालिका परीक्षा में शामिल होंगे। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में कुल मिलाकर 35,993 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे जबकि गत वर्ष 2016 की परीक्षा में हाईस्कूल संस्थागत के 11,988 बालक, 8584 बालिका, व्यक्तिगत रूप में 1141 बालक, 490 बालिका, इंटरमीडिएट संस्थागत 6523 बालक, 5903 बालिका, व्यक्तिगत रूप में 420 बालक, 410 बालिकाओं ने परीक्षा में पंजीकरण कराया था। इस प्रकार गत परीक्षा में कुल 35,459 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। दोनों वर्ष के परीक्षार्थियों की संख्या पर गौर करें तो हाईस्कूल संस्थागत में 404 परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ गई है। वहीं, इंटरमीडिएट संस्थागत में 594 परीक्षार्थियों की बढ़ोत्तरी हुई है। महत्वपूर्ण बात यह है कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट संस्थागत परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ी है लेकिन व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है। जिससे इस साल की परीक्षा में कुल बढ़ने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 534 ही हो सकी है।
मंडलायुक्त झांसी ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के संबंध में तीनों जिलों के डीआईओएस की बैठक नौ दिसंबर को झांसी में बुलाई है। जिलास्तर से पहले ही परीक्षा केंद्रों को हरी झंडी दी जा चुकी है।
चंद्रचूड़ दुबे, डीआईओएस ललितपुर।