संवाद न्यूज एजेंसी
गरौठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गरौठा में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश उपभोक्ता संघ के अध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा ने हनुमान गढ़ी मंदिर प्रांगण में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। कुशवाहा ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन को सेवा व राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित बताया। विशिष्ट अतिथि राकेश पाल ने आर्थिक विकास, सामाजिक कल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान, रक्षा उत्पादन और विदेश नीतियों में अभूतपूर्व उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है।
जन कल्याणकारी योजनाएं और वैश्विक उपलब्धियां
गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब और वंचित नागरिकों का सर्वाधिक विकास हुआ है। जन धन योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना ने करोड़ों परिवारों को पक्के मकान दिए। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, आयुष्मान भारत और जलजीवन मिशन ने देश को सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण का आधार प्रदान किया। कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, हवन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख टीकाराम पटेल, करणी सेना के जिलाध्यक्ष कुंवर अभय ठाकुर, विजय सिंह निरंजन, जिला पंचायत सदस्य जंगबहादुर सिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य शत्रुघ्न सिंह, पूर्व आईएएस विजय सिह निरंजन, विधायक प्रतिनिधि राहुल राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष डाॅ. अरुण कुमार मिश्रा, एरच चेयरमैन जयचंद्र राजपूत मौजूद रहे।
0000
गरौठा में 2.5 करोड़ से बनेगा कन्वेंशन सेंटर
गरौठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गरौठा स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक जवाहर लाल राजपूत ने गरौठा नगर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जवाहर लाल राजपूत ने 2.5 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर /बरात घर के निर्माण की घोषणा की। धार्मिक स्थल हनुमान गढ़ी गरौठा में 40 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 लाख की लागत से टिन शेड निर्माण की घोषणा की। विधायक ने कहा कि गरौठा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। संवाद