- ललितपुर व महरौनी रेंज में हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अवैध कटान की लकड़ी से लदे दो वाहनों को वन विभाग की टीम ने पकड़ा है, दोनों वाहनों को सीज कर दिया है। वन एवं वन्यजीव सुरक्षा माह के तहत यह कार्रवाई की गई।
जनपद में विगत आठ अप्रैल से वन एवं वन्यजीव सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, जिसके तहत प्रत्येक रेंज में सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। जो वन्य जीवों व जंगलों की सुरक्षा में लगी हुई हैं। वन विभाग की टीम ने ललितपुर वन रेंज अंतर्गत राजघाट के निकट एक ट्रक पकड़ा, उसमें कटान की हुई लकड़ी तेंदू, धाक, चिरोल, बबूल व गुरार लदी हुई थी। चालक से दस्तावेज मांगे गए, तो वह प्रस्तुत नहीं कर पाया। वन विभाग की टीम ने रामरतन निवासी विष्णुपुरा, थाना पृथ्वीपुर जिला निवाड़ी व इंद्रपाल सिंह निवासी चमरउवा राजघाट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तो वहीं, दूसरा वाहन महरौनी रेंज से पकड़ा, जिसमें तेंदू व धाक प्रतिबंधित लकड़ी लदी हुई थी। चालक दस्तावेज नहीं बताया पाया, जिसमें वन विभाग ने गजराज सिंह निवासी झीकनीं तहसील खुरई, जिला सागर, कंहैयालाल निवासी बहेरिया जिला सागर के खिलाफ मामला पंजीकृत करते हुए, वाहन को सीज कर दिया है।
वन एवं वन्यजीव सुरक्षा माह के तहत अवैध आरा मशीनों, अवैध कटान, वन में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत दो वाहन पकड़े गए हैं, आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
गौतम सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ललितपुर