नगर के बाईपास स्थित 33 केवीए सब स्टेशन से ग्राम मसौरा, नदनवारा, कल्यानपुरा, खितवांस, काशीराम कालोनी व दो नंबर फीडर के माध्यम से शहर के आधा दर्जन मुहल्लों समेत चार दर्जन से अधिक गांवों को बिजली आपूर्ति देकर रोशन किया जाता है। शुक्रवार की रात ओवरलोड के चलते यहां ओसीबी मशीनों की वर्षों पुरानी बायरिंग जल गई। इस वजह से सभी फीडरों की बिजली बाधित हो गई। हालांकि, देर रात तक विद्युत अधिकारियों द्वारा पुरानी जली बायरिंग ठीक कर किसी प्रकार आपूर्ति सुचारु कर दी गई थी। सुबह होने पर वितरण व मीटर विभाग के अधिकारियों की देखरेख में पुरानी व जली हुई बायरिंग बदलने का कार्य शुरू किया गया। इस कारण शनिवार की सुबह साढ़े 10 बजे से शाम साढ़े 6 बजे तक आपूर्ति ठप रही। बायरिंग का कार्य पूरा होने के बाद ही आपूर्ति सुचारु की जा सकी। इसके चलते फीडर नंबर दो के तहत आने वाले मुहल्ला खिरकापुरा, चौबयाना, नारायणपुरा, बजरिया, रामनगर, काशीराम आवासीय कालोनी, भदैंयापुरा, आजाद चौक आदि मुहल्लों की बिजली आपूर्ति दिन भर ठप रही। वहीं, कल्यानपुरा, नदनवारा, मसौरा, खितावांस, काशीराम कालोनी के तहत आने वाले करीब 65 गांवों की बिजली भी पूरे दिन भर बाधित रही। हालांकि, अब सब स्टेशन के फीडरों की ओसीबी मशीनों की नई बायरिंग होने से काफी हद तक राहत मिल सकेगी। इस मौके पर एसडीओ मीटर अजय सविता, अवर अभियंता एसपी सिंह, एसके भट्टाचार्य आदि मौजूद रहे।