संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के नझाई बाजार में दुकान के बाहर मृत मिले वृद्ध की पहचान मध्य प्रदेश के दतिया निवासी रज्जन प्रसाद जोशी के रूप में हुई है। वह शनिवार को शनिदेव की मूर्ति तेल में रखकर चढ़ावा मांगने के लिए ललितपुर आया था। रविवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है।
रविवार शाम करीब सात बजे नझाई बाजार में एक दुकान के पास करीब 60 वर्षीय वृद्ध अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे मेडिकल कॉलेज लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान मध्य प्रदेश के दतिया जनपद के सिंघलपुरा मोहल्ला, रेलवे स्टेशन के पास निवासी 60 वर्षीय रज्जन प्रसाद जोशी के रूप में हुई। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद मृतक का छोटा भाई कैलाश ललितपुर पहुंचा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि कैलाश ने बताया कि रज्जन प्रसाद उसके बड़े भाई थे। उनकी पत्नी और तीन बच्चों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह प्रत्येक शनिवार को शनिदेव की मूर्ति तेल में रखकर चढ़ावा मांगने के लिए ललितपुर आते थे और यहां दो से चार दिन तक रुकते थे। शनिवार को भी वह इसी उद्देश्य से ललितपुर आए थे। सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।