फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: जर्जर सड़कों पर निकलेंगे भगवान के विमान

विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर। 22 सितंबर को होने वाले जलविहार महोत्सव में शहर के मंदिरों से भगवान के विमान नगर भ्रमण पर निकलेंगे, लेकिन जिन रास्तों से यह धार्मिक शोभायात्रा गुजरेगी, उनकी हालत चिंताजनक है। लगातार बारिश से पहले से जर्जर सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और गिट्टी उखड़ गई है। ऐसे में भगवान के विमानों को कंधों पर लेकर चलने वाले भक्तों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। तालाबपुरा से लेकर डेम रोड, करीमनगर और गोविंद सागर बांध तिराहे तक कई प्रमुख मार्ग बदहाल हैं।
विज्ञापन

22 सितंबर को जलविहार पर्व पर शहर के प्रमुख मंदिरों से भगवान के विमान निकलकर नगर भ्रमण करेंगे और सुम्मेरा तालाब के घाटों पर जलविहार होगा। तालाबपुरा स्थित नृसिंह रामलीला मैदान के आसपास की सड़कें भी जगह-जगह उखड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्व से पहले सड़कों की मरम्मत नगर पालिका के सामने बड़ी चुनौती है।

बारिश ने और बिगाड़ी सड़कों की हालत
नगर पालिका क्षेत्र में पहले से खस्ताहाल सड़कों की स्थिति लगातार हुई बारिश के बाद और खराब हो गई है। कई जगह सड़क पर बड़े गड्ढे बन गए हैं तो कहीं गिट्टी उखड़ने से रास्ता ऊबड़-खाबड़ हो गया है। वाहनों के गुजरने पर गिट्टी उछलने से राहगीरों को चोट लगने का खतरा बना हुआ है।
विज्ञापन

हैरत की बात यह है कि बारिश से पहले जिन सड़कों पर पैचवर्क कराया गया था, कई जगह वह भी बारिश में उखड़ गया। इससे सड़क की स्थिति दोबारा पहले जैसी हो गई है।

दृश्य-एक : डेम रोड पर जगह-जगह गड्ढे
वर्णी चौराहा से करीमनगर जाने वाले मार्ग पर डेम रोड की ओर मुड़ते ही सड़क की बदहाली नजर आने लगती है। बीच सड़क पर बड़ा गड्ढा होने से वाहन चालकों को बचकर निकलना पड़ता है। आगे सड़क कई जगह ऊबड़-खाबड़ हो गई है। कहीं पानी भरा है तो कहीं गड्ढों के कारण वाहन हिचकोले खाते हुए निकलते हैं। रिसाला मंदिर के सामने, राजपूत कॉलोनी के गेट के पास, पुराने विद्युत एसई कार्यालय के सामने और करीमनगर तिराहे के पास सड़क की हालत ज्यादा खराब है।

दृश्य-दो : गिट्टी उखड़ी, रात में बढ़ा खतरा
करीमनगर तिराहे से गोविंद सागर बांध तिराहे तक भी कई जगह सड़क खराब है। चर्च के पहले कई गड्ढे हो गए हैं। सड़क की गिट्टी उखड़ने से जगह-जगह बड़े हिस्से में सड़क की ऊपरी परत गायब हो गई है। यह रास्ता आजादपुरा तृतीय और लेड़ियापुरा की ओर भी जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय गड्ढे नजर नहीं आने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। कई लोग यहां गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

दृश्य-तीन : जलविहार मार्ग ही बदहाल
तालाबपुरा तिराहे से गोशाला अखाड़ा, नृसिंह मंदिर के सामने होते हुए शारदा मंदिर की ओर जाने वाली सड़क भी जर्जर है। नृसिंह मंदिर के सामने, डोंड़ाघाट गेट के पास और सीतापाठ रोड तिराहे के आसपास सड़क की गिट्टी उखड़ गई है। यही क्षेत्र जलविहार पर्व के प्रमुख आयोजन स्थलों में शामिल है। तालाबपुरा स्थित नृसिंह रामलीला मैदान में 22 सितंबर को जलविहार का बड़ा महोत्सव होगा। ऐसे में भगवान के विमानों को कंधों पर लेकर निकलने वाले भक्तों को इन उखड़ी सड़कों से गुजरना पड़ेगा।

जलविहार पर्व में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने आयोजन से पहले प्रमुख मार्गों को चलने लायक बनाने की चुनौती है। खासकर उन रास्तों पर मरम्मत जरूरी है, जहां से भगवान के विमान और श्रद्धालुओं की शोभायात्रा निकलेगी। जलविहार पर्व के लिए सड़कों की अस्थायी रूप से मरम्मत कराई जाएगी। बारिश के बाद जल्द ही सड़कों का स्थायी निर्माण कराया जाएगा।
विज्ञापन

- दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें