संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेेहट-ललितपुर। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने विकासखंड तालबेहट का औचक निरीक्षण किया। जहां पर उन्होंने सभी पटलों का निरीक्षण किया, साथ ही लंबित पत्रावलियों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने विकास खंड अंतर्गत ग्राम वर्माबिहार के राजस्व ग्राम नाले के गहरीकरण का कार्य देखा।
विकास खंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्हें सभी पत्रावली व्यवस्थित मिली, उन्हें खंड विकास अधिकारी को समय से पत्रावली निस्तारण के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत बर्माविहार के राजस्व ग्राम सरखड़ी में चैकडेम के पास इमली वाले नाला गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
अब तक 1579 मानव दिवस सृजित करते हुए 210 मीटर नाला गहरीकरण का कार्य कराया गया है। कार्यस्थल में प्रदर्शित हो रही खंतियों से स्पष्ट हुआ कि कार्य श्रमिकों से कराया गया है। श्रमिकों ने नाले से खोदी गई मिट्टी को नाले के किनारे बंध पर डाला गया है। खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि बंध पर डाली गई मिट्टी पौधरोपण के लिए अग्रिम मृदा कराने के लिए के लिए कहा, इसके साथ ही नाले पर घाट निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित किया जाए, जिससे कृषकों को पर्याप्त मात्रा में सिंचाई हेतु जल एवं पशुओं को पीने योग्य पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कमलाकांत पांडेय, उपजिलाधिकारी तालबेहट भूपेंद्र सिंह, खंड विकारा अधिकारी तालबेहट सौरम कुमार बर्नवाल, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) विकास शुक्ला, ग्राम प्रधान रामशंकर नेगी, ग्राम पंचायत सचिव बर्माविहार पंकज सोनी एवं अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।