पाली (ललितपुर)। नगर पंचायत पाली में अध्यक्ष एवं कुछ सभासदों के बीच तकरार बढ़ गई है। नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष ने उगाही का आरोप लगाते हुए दो सभासद सहित एक अन्य सभासद के पति के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है। उधर, कुछ सभासदों ने नगर में कराए जा रहे विकास कार्यों में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
पिछले लगभग 1 माह से नगर पंचायत में पालिका प्रशासन और कुछ पार्षदों में अनबन चल रही है। जिससे नगर पंचायत में घमासान की स्थिति बनी हुई है। इस विवाद के पीछे करोड़ों रुपये के कराए जा रहे काम हैं। नगर पंचायत के पार्षदों का आरोप है कि एक ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए नगर पंचायत के कर्मचारियों एवं उसकी मशीनरी दे गई है, जिसकी मदद से नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जिसमें निर्माण कार्य के लिए मटीरियल की शिफ्टिंग भी शामिल है। उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार चौरसिया ने दो सभासद व एक सभासद के पति के खिलाफ थाने में तहरीर देते हुए उगाही के आरोप लगाए हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर लगभग 1 बजे के आसपास महावीर इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे लग रही नई स्ट्रीट लाइट को स्थापित करने के दौरान गिट्टी एवं रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी थी।
नंदकिशोर चौरसिया ने कहा कि कथित ठेकेदार के काम में मशीनरी के उपयोग को लेकर अधिशासी अधिकारी से सवाल उठाया गया था। इससे बात से नाराज होकर एक अधिकारी ने मेरे साथ अभद्रता की थी, साथ ही मेरे ऊपर फर्जी तरीके से दबाव बनाया जा रहा है। आशीष चौरसिया मनोनीत पार्षद पाली ने कहा कि नगर पंचायत पाली में जहां पर कार्य होना चाहिए, वहां पर कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। जहां नाली की जरूरत है, वहां नाली नहीं बनाई गई है। राजाराम चौरसिया ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे कार्यों पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। अरविंद चौरसिया ने कहा कि नगर पंचायत में मनमानी चल रही है। इसमें जनप्रतिनिधियों की बात को भी नजरअंदाज किया जा रहा है।
नगर पंचायत का ट्रैक्टर ट्राली सरकारी कार्यों में उपयोग में लिया जा रहा है। प्राइवेट में इसका प्रयोग नहीं हो रहा है। जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वह बेबुनियाद हैं।-मधुसूदन जायसवाल, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत पाली