बकाएदारों पर चला बिजली विभाग का डंडा
- फोटो : demo
बिजली विभाग द्वारा सोमवार को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों के बकाएदार 69 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। पांच बकाएदारों पर पूर्व में काटे गए कनेक्शन फिर से जोड़ने पर एफआईआर कराई गई।
चीफ अभियंता द्वारा मार्च माह में राजस्व वसूली के लिए दिए गए 16 करोड़ रुपए के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सोमवार को अधिशासी अभियंता गौरव कुमार के निर्देशन में नगर में तीन टीमों ने घंटाघर, तहसील तिराहे के पास, बसंतबिहार कालोनी व इलाइट चौराहा के पास एवं मुहल्ला वंशीपुरा में राजस्व वसूली अभियान चलाया। उपखंड अधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा व अवर अभियंता पंकज मौर्य के नेतृत्व में तीनों टीमों ने घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से बिल मांगे और बकाया होने पर कनेक्शन काटना शुरु कर दिए।
सोमवार को शहर में 19.34 लाख रुपए के बकाएदार 69 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए , जबकि 11.45 लाख रुपए विद्युत राजस्व वसूला गया। वहीं सात मीटर बदले गए और पूर्व में बकाए पर काटा गया कनेक्शन बिना भुगतान के जुड़ा पाए जाने पर एक उपभोक्ता पर एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं महरौनी में उपखंड अधिकारी तृतीय प्रेमचंद के नेतृत्व में चलाए गए वसूली अभियान के तहत पूर्व में बकाए पर काटे गए कनेक्शन बिना भुगतान के जुड़े पाए जाने पर चार लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।