- पालिका प्रशासन बता रहा धनराशि का अभाव, जल्द कार्य शुरू होने के आसार
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सुम्मेरा तालाब व सीतापाठ के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना नगर पालिका ने बनाई थी, लेकिन बीच में ही ठेकेदार ने काम बंद कर दिया। बरसात के कारण व धनअभाव इसका मुख्य कारण बताया गया। अब पालिका प्रशासन ने शीघ्र इस कार्ययोजना को पूर्ण कराने का दावा कर रही है।
विगत वित्तीय वर्ष में सीतापाठ और सुम्मेरा तालाब का सुंदरीकरण के लिए शासन ने 2.84 करोड़ से सुंदरीकरण कराने की स्वीकृति दी थी, जिसके बाद पालिका प्रशासन ने टेंडर प्रक्रिया अपनाई। निर्माण कार्य प्रारंभ किया, लेकिन करीब छह माह से अधिक समय गुजर जाने के बाद से यह कार्य बंद चल रहा है। जबकि 2.04 करोड़ रुपये से सुम्मेरा तालाब और 80 लाख रुपये से सीतापाठ तालाब पर विकास कार्य किए जाने थे। इस धनराशि से सुम्मेरा तालाब पर चारों ओर फुटपाथ बनाया जाएगा। मार्ग में स्ट्रीट लाइटें लगाई जानी थी। तालाब की खूबसूरती बढ़ाने के लिए फव्वारा भी स्थापित किया जाएगा। इसके पथ पर लोग घूम सकेंगे। साथ सीता पाठ स्थित सरोबर को सुंदर बनाने वहां पर स्नान के लिए सीढि़यां बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई थी। इन दोनों की सरोबरों के कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। हालांकि पालिका शीघ्र प्रारंभ कराने का दावा कर रहा है।
-
वर्तमान में शासन से धनराशि निर्गत न होने के कारण इन दोनों तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य रुक गया था। शीघ्र ही अब कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, शासन ने धनराशि निर्गत कर दी है।-दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ललितपुर