ललितपुर। 20 जून से 31 अगस्त तक 1072.20 मिलीमीटर तो जुलाई तक 865.80 मिलीमीटर बारिश हुई। अगस्त में मौसम ने थोड़ी बेरुखी दिखाई, जिसके चलते पूरे माह में 206.40 मिलीमीटर ही बारिश हुई, जो औसत से भी करीब 135 मिलीमीटर कम है। लेकिन, सितंबर शुरू होते ही मौसम ने एक बार फिर करवट ली। पिछले 24 घंटे में 23.40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इस वर्ष समय से मानसून ने दस्तक दे दी थी। 20 जून से लगातार बारिश हुई। जून में भी 210.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद पूरे जुलाई माह में 655.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इस बारिश ने पिछले पांच सालों का रिकार्ड तोड़ दिया। बारिश से सबसे ज्यादा खरीफ की फसल प्रभावित हुई। वहीं, नदी, नाले, तालाब, पोखर व बांध लबालब हो गए। अगस्त में बारिश थमने से लग रहा था कि किसान रबी फसल की जल्द ही बोआई कर देंगे। लेकिन, सितंबर के शुरुआत में ही झमाझम बारिश से फिर लगने लगा है कि इस महीने भी अच्छी बारिश हो सकती है।
विगत वर्षों में अगस्त में हुई बारिश
वर्ष - बारिश मिलीमीटर में
2021- 273.40
2022- 323.84
2023- 223.04
2024 - 280.6
2025- 206.40
विगत वर्षाें में अगस्त तक हुई बारिश
वर्ष - बारिश मिलीमीटर में
2021- 430
2022- 650.44
2023 - 774.08
2024 - 812.60
2025- 1072.20