संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर की सड़कों पर लग रहे जाम की समस्या से जल्द ही मुक्ति मिलेगी। नगर पालिका परिषद अभिलाषा पेट्रोल पंप के पीछे पार्किंग स्थल बना रही है। इसका निर्माण कार्य 20 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पार्किंग स्थल बनने से लोगों को सड़कों पर वाहन खड़े नहीं करने होंगे।
नगर में वाहनों के पार्किंग स्थल की समस्या बनी हुई है। वर्तमान में महज नगर पालिका कार्यालय के बेसमेंट में महज इकलौता पार्किंग स्थल है। वनवे व्यवस्था लागू होने से सीमित वाहन ही पार्किंग स्थल में खड़े हो पाते हैं। अधिकांश वाहन सड़कों पर ही खड़े हो रहे हैं। कारण बाजार आने वाले लोग वाहन लेकर आते हैं। खड़ा करने के लिए स्थान न मिलने पर इधर-उधर देखकर सड़क के फुटपाथों पर और कई बार तो सड़क पर ही खड़े कर जाते हैं।
सड़कों के किनारे व सड़कों पर खड़े वाहनों से जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है। इसका खामियाजा लोगों को मुख्य सड़क से लेकर गलियों तक में जाम के रूप में भुगतना पड़ रहा है। कई बार गलियों में लंबे समय तक फंसा रहना पड़ता है। गर्मी में लोगों की हालत खराब हो जाती है। बच्चे जाम में फंसने से पसीना से तर हो जाते हैं।
लेकिन, अब जल्द ही जाम की समस्या से निजात मिलेगी। नगर पालिका परिषद ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। 20 लाख रुपये की लागत से अभिलाषा पेट्रोल पंप के पीछे मेडिकल कॉलेज मार्ग में पार्किंग स्थल का निर्माण किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहनों को खड़े करने की सुविधा शुरू होगी। सड़कों पर वाहन खड़े नहीं करने होंगे। इससे जाम की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी, सड़कों पर आवागमन सुगम होगा।
-
शहर में अभिलाषा पेट्रोल पंप से मेडिकल कॉलेज मार्ग में पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। जल्द ही बनकर तैयार होगा। इससे शहर में सड़कों पर वाहन खड़े नहीं करने होंगे।
- दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद