ललितपुर। अटल नवीनीकरण और शहर परिवर्तन मिशन (अम्रुत) से नगर का कायाकल्प होगा। इसके लिए नगर पालिका ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर की सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा तथा सड़क के दोनों ओर फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा, पार्कों की मरम्मत व नए पार्कों का निर्माण किया जाएगा।
शहर के चहुंमुखी विकास के लिए इसे अम्रुत योजना में शामिल किया गया है।
भारत सरकार शहरी क्षेत्रों की कायाकल्प एवं रूपांतरण के लिए 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से अम्रुत योजना संचालित कर रही है। योजना को धरातल पर लाने के लिए नगर पालिका ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बहुत जल्द नगर के मुख्य मार्गों का चौड़ीकरण किया जाएगा।
सड़क के किनारे पैदल चलने वाले नागरिकों की सुरक्षा व सुविधा के लिए मुख्य सड़कों के दोनों ओर फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। फुटपाथ का निर्माण होने के बाद सड़क पर पैदल आने- जाने वाले नागरिकों के साथ होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा और अच्छा व सुरक्षित फुटपाथ होने से साइकिल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
इससे प्रदूषण कम होगा और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। बरसात के समय पानी के भराव की समस्या को दूर करने के लिए बड़े नालों व नालियों का निर्माण किया जाएगा, जिससे नगर में कहीं भी जलभराव की समस्या न हो। बच्चों के मनोरंजन व खेलकूद के लिए नगर में कई स्थलों पर पार्कों व क्रीड़ा स्थलों का निर्माण कराया जाएगा।
नागरिकों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए नगर में पौधे लगाकर हरित पट्टी बनाई जाएगी। इस योजना के अंतर्गत जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए विभाग ने शासन द्वारा मांगी गई सूचनाओं व डाटा को एकत्रित करना शुरू कर दिया है।
अन्य विभागों की भी है भूमिका
अम्रुत योजना नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए शुरू की गई है। शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए सड़कों, फुटपाथ, पार्कों, नाला-नाली का निर्माण कार्य कराने की जिम्मेदारी नगर पालिका की है। इसके अंतर्गत नागरिकों की पेयजल की सुविधा के लिए पर्याप्त जलापूर्ति करने के लिए शासन ने जल संस्थान को निर्देशित किया है।
नगर के सभी नागरिकों को पेयजल मिल सके इसके लिए नगर के सभी क्षेत्रों नल की पाइप लाइन बिछाई जाएगी। टूटी पड़ी व लीकेज पाइप लाइनों की मरम्मत की जाएगी।
शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए यह भारत सरकार व प्रधानमंत्री की अच्छी योजना है। शासन द्वारा मांगी गई सूचनाओं व डाटा को एकत्रित किया जा रहा है और जल्द ही शासन को भेज दिया जाएगा, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जल्द से जल्द नागरिकों को इसका लाभ मिल सके और नगर का विकास हो सके।
- राकेश कुमार
अधिशासी अधिकारी