ललितपुर। स्वयंसेवी संस्था असर ने जिले के डेढ़ सौ गांवों की तस्वीर बदलने का बीड़ा उठाया है। सोमवार को संस्था के स्टेट कोआर्डिनेटर ने डायट में बीटीसी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देकर सामग्री वितरित की।
शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रही असर संस्था हर साल सर्वे करती है। वर्ष 2013 में किए गए सर्वे में जिले के सौ विद्यालयों में बच्चों का शैक्षिक स्तर न्यून पाया गया था। इसे देखते हुए संस्था ‘लाखों में एक’ कैंपेन कार्यक्रम लेकर आई है। इसमें बीटीसी प्रशिक्षुओं को स्वेच्छा से गांव का चयन करने का अवसर प्रदान किया जाता है।
चयन के बाद उन्हें बच्चों की दक्षता जांचने के लिए टूल किट दी जाती है। इस किट में बच्चों को पढ़ाने की सामग्री व सर्वे प्रपत्र दिया जाता है। इस आधार पर संकलित आंकड़े राज्य परियोजना कार्यालय सर्व शिक्षा अभियान को भेजे जाते हैं। जिस पर विभाग कार्रवाई करता है।
स्टेट कोआर्डिनेटर सुनील कुमार ने बीटीसी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया। मंगलवार से बीटीसी प्रशिक्षु चयनित ग्रामों में पहुंचकर कार्यक्रम को मूर्त रूप देंगे। प्रशिक्षण में सह समन्वयक हेमंत तिवारी ने भी प्रशिक्षुओं को कैंपेन से जुड़ने का तरीका बताया।
अभियान से जुड़ेंगे व्यक्ति
‘लाखों में एक’ कार्यक्रम अभियान से ग्रामीण क्षेत्र के उस व्यक्ति को जोड़ा जाएगा, जो गांव की तस्वीर बदलना चाहता है। विशेषकर शिक्षा के क्षेत्र में काम करना चाहता है। बीटीसी प्रशिक्षु ऐसे व्यक्तियों तक पहुंचेंगे।