ललितपुर। घर से खेत पर गई वृद्धा का शव गांव से दो किलोमीटर दूर खेत में स्थित कुएं में उतराता मिला। परिजन ने कुएं में गिरकर हादसे का शिकार होने की बात कही।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम दैलवारा निवासी सरदार ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर उसकी दादी इमरत बाई (60) घर से खेत पर गई थी। शाम तक जब वह लौटकर नहीं आई तो परिजन ने खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इमरत बाई के लापता होने की खबर गांव वालों को होने पर वे लोग भी खोजबीन में जुट गए। शाम को वे लोग गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक खेत में स्थित कुएं के पास पहुंचे। यहां कुएं में झांककर देखा तो अंदर इमरत बाई का शव उतरा रहा था। पुलिस ने गांव वालों की मदद से इमरत बाई का शव बाहर निकाला। मृतका के दो पुत्र व एक पुत्री है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।