- परिजनों ने कहा - रात को शौच क्रिया के लिए जाते समय कुएं में गिरकर हुईं हादसे का शिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम बिल्ला निवासी रूपरानी का शव मंगलवार की सुबह घर के पास स्थित बिना मुंडेर के कुएं में उतराता मिला। परिजनों ने रात को अंधेरे में शौच क्रिया को जाते समय कुएं में गिरकर हादसे का शिकार होना बताया है।
मृतक के नाती अजय के मुताबिक सोमवार की रात को उसकी दादी रूपरानी (62) ने परिजनों संग खाना खाया था। सभी लोग अपने अपने बिस्तर पर सोने को चले गए थे। मंगलवार की सुबह जब रूपरानी बिस्तर पर नहीं मिली तो उसकी खोजबीन की गई। खोजबीन के दौरान घर के पास स्थित कुएं में देखा तो पानी में रूपरानी का शव उतरा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस व गांव वालों ने शव को कुएं से बाहर निकाला। अजय ने मौत के कारण पर बताया कि सोमवार की देर रात को रूपरानी शौच क्रिया को उठकर घर के बाहर जाते समय अंधेरा होने के चलते बिना मुंडेर के कुएं में गिर गई और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतका का एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। थानाध्यक्ष अरुण तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों की जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।