दोनों ओर की ट्रेनें 16 घंटे देरी से आई
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोहरे के कारण कई ट्रेन घंटों देरी से चल रही हैं। हालांकि कई ट्रेनों की गति में सुधार भी हुआ है लेकिन बुधवार की रात आने वाली उत्कल और सचखंड एक्सप्रेस आठ से दस घंटे की देरी से दूसरे दिन ललितपुर स्टेशन पहुंची। वहीं, वंदेभारत, पंजाब मेल समेत कई ट्रेन डेढ़ से तीन घंटे तक देरी से आईं।
कोहरे के कारण पुरी की ओर जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस बुधवार की रात 8:21 बजे के स्थान पर 12 घंटे विलंब से अगले दिन बृहस्पतिवार की सुबह 8:20 बजे ललितपुर स्टेशन पर पहुंची।
इसी प्रकार, बुधवार की रात 7:56 बजे आने वाली सचखंड एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे लेट हो गई। यह ट्रेन बृहस्पतिवार को तड़के साढ़े चार बजे पहुंची। वहीं, बृहस्पतिवार को अप रूट की गीता जयंती एक्सप्रेस 2.10 घंटे विलंब से सुबह 5:55 बजे आई। पुष्पक एक्सप्रेस तड़के चार बजे के स्थान पर ढाई घंटे विलंब से सुबह साढ़े छह बजे आई।
वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 11:35 बजे के स्थान पर डेढ़ घंटे विलंब से दोपहर 12:58 बजे आई। बृहस्पतिवार को सचखंड एक्सप्रेस रात 7:56 बजे के स्थान पर साढ़े पांच घंटे विलंब होकर देर रात 1:33 बजे आने की संभावना जताई गई। वहीं, डाउन रूट की उत्कल एक्सप्रेस तड़के 3:33 बजे के स्थान पर 3.30 घंटे विलंब से सुबह 7:40 बजे आई।
इसी प्रकार डाउन रूट की पंजाब मेल बृहस्पतिवार को दोपहर 12:50 बजे के स्थान पर साढ़े छह घंटे विलंब से देर शाम 7:03 बजे आई। डाउन रूट की ही साबरमती एक्सप्रेस भी बृहस्पतिवार को शाम 4:14 बजे के स्थान पर साढ़े तीन घंटे विलंब से रात 7:53 बजे आई। वहीं, डाउन रूट की पठानकोट एक्सप्रेस देर शाम 6:43 बजे के स्थान पर साढ़े छह घंटे विलंब रही। डाउन रूट की डॉ. आंबेडकरनगर से खजुराहो के रास्ते प्रयागराज जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को रात 7:38 बजे के स्थान पर साढ़े सात घंटे विलंब हो गई।