संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी। नगर पंचायत के तत्वावधान में आयोजित महरौनी महोत्सव के छठवें दिन शनिवार रात स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने शहीद भगत सिंह पर आधारित नाटक का मंचन सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
युवा सराफा व्यवसायी सचिन सोनी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने श्री गणेश वंदना की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का आगाज हुआ। बच्चों ने कैसेट प्ले डांस, एकांकी और हास्य प्रहसन की प्रस्तुति दी। स्वामी विवेकानंद विद्यालय के बच्चों ने मेरा नाम जोकर... की प्रस्तुति से सब का मन मोह लिया। नगर के हास्य सम्राट रहे कीर्तिशेष भागचंद जैन के चरित्र को मंच पर उकेरते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शीतल बडौनियां इंटर कॉलेज के छात्रों ने शहीद भगत सिंह पर आधारित प्ले की प्रस्तुति से सबको भावुक कर दिया। यूपीएस नैनवारा के बच्चों ने शानदार मूक अभिनय की एक अद्भुत प्रस्तुति से सभी का ध्यान खींचा, तो इशिका पटैरिया एंड ग्रुप ने बेहतरीन राजस्थानी ग्रुप डांस से मन मोह लिया। कड़ाके की सर्दी में भी दर्शकों ने देर रात तक कार्यक्रम का लुत्फ उठाते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम बडौनियां, प्रतिनिधि दुष्यंत बडौनियां, सभासद अनूप अहिरवार, जाकिर अली, उदयभान सिंह, प्रेमनारायण साहू, नीलेश श्रीवास्तव, मुकेश आदि मौजूद रहे।
-
स्वास्थ्य शिविर में हुए 1356 मरीजों के परीक्षण
महरौनी। महरौनी महोत्सव में रविवार को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1356 मरीजों का परीक्षण और परामर्श दिया।
शिविर के संयोजक अशोक रावत ने दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया। शिविर में हड्डी का दर्द, जोड़ों का दर्द, नसों का दर्द, एड़ी का दर्द, नाक, कान, गला दर्द, स्त्री रोग, नेत्र रोग आदि बीमारियों से संबंधित मरीजों ने जांच कराई। 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय दैलवारा के सौजन्य से डा. धर्मेंद्र मौर्या चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन में सर्दी, जुखाम, खांसी, बुखार के मरीजों हेतु निशुल्क होम्योपैथिक कोविड किट वितरित किया गया। ईएनटी सर्जन डॉ. अनुपम मिश्रा, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आकाश खैरा, स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. सौम्या खैरा, जनरल सर्जन डॉ. विशाल जैन, वरिष्ठ फ़िज़ियोथेरेपिस्ट डॉ. विक्रांत तोमर, एमओ रोहित सिंह मारोत, डॉ. नवदीप रावत, पुष्पेंद्र गौतम आदि मौजूद रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बडोनियां ने सम्मानित किया।